संवाद न्यूज एजेंसी
खुर्जा। क्षेत्र की चार कॉलोनियोंं में बृहस्पतिवार को पूरे दिन विद्युत आपूर्ति ठप रही। बिजली नहीं होने से लोगों को पानी की भी समस्या झेलनी पड़ी।
खुर्जा की सिद्धेश्वर मंदिर रोड, नवदुर्गा शक्ति मंदिर रोड, चमन विहार कॉलोनी और किला गांव रोड समेत आसपास की कॉलोनियों में बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे ही बिजली गुल हो गई थी। लोगों को बिजली कटौती की जानकारी नहीं थी। अन्य दिनों की तरह लोग आपूर्ति के इंतजार में बैठे रहे लेकिन, सुबह दस बजे तक बिजली नहीं आई तो घरों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। दोपहर को भी बिजली नहीं मिलने के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। लोगों के इन्वर्टर भी बंद हो गए। उपभोक्ताओंं ने बिजली घर पर संपर्क किया तो वहां पर विद्युत लाइन बदले जाने के कारण शटडाउन लेने की जानकारी दी गई। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि हेल्पलाइन नंबर और निगम के कर्मचारियों ने कोई जानकारी नहीं दी। बिजली घर नंबर पांच पर कार्यरत जेई का कहना है कि नई केबल डाली जा रही है, जिस कारण शटडाउन लिया गया है।
गर्मी से पहले होना था कार्य
उपभोक्ताओं का कहना है कि ऊर्जा निगम की ओर से रोजाना अलग-अलग कॉलोनियों में मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जिस कारण 15 से 18 घंटे का शटडाउन लिया जाता है। यूपीपीसीएल की ओर से गर्मी में कटौती की समस्या को दूर करने के लिए मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए गए थे। यह कार्य फरवरी से मार्च माह 2023 तक होने थे। बल्कि निगम की ओर से गर्मी में शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं।