शिकारपुर से भाजपा प्रत्याशी के समर्थक का रुपये बांटते वीडियो वायरल
बुलंदशहर। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में भाजपा और सपा के प्रत्याशी को नोटिस जारी किया गया है। शिकारपुर के भाजपा प्रत्याशी के समर्थक का रुपये बांटते हुए और सपा प्रत्याशी का निर्धारित संख्या से अधिक लोगों और बिना कोविड नियमों के पालन करते हुए चुनाव प्रचार का वीडियो वायरल हुआ है।
शिकारपुर के भाजपा प्रत्याशी अनिल शर्मा पर आरोप है कि उनके समर्थक चुनाव प्रचार के दौरान लोगों को रुपये बांट रहे हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। सिकंदराबाद के सपा प्रत्याशी राहुल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में चुनाव प्रचार करते हुए राहुल के साथ बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद हैं, लेकिन लोगों ने न तो मास्क लगाया हुआ और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं। ऐसे में आरओ ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया है। 24 घंटे में नोटिस का जवाब न देने पर एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।
भाजपा प्रत्याशी अनिल शर्मा का कहना है कि किसी को पैसे नहीं बांटे जा रहे थे। प्रचार के दौरान कुछ ढोल वाले आ गए थे। उन्हें पैसे दिए जा रहे थे। सपा प्रत्याशी राहुल यादव ने बताया कि लोगों से कोरोना नियमों का पालन करने और एक साथ ज्यादा संख्या में नहीं जुड़ने की अपील की जा रही है। आगे से कोशिश रहेगी कि एक साथ इतनी संख्या में भीड़ न जुटे।