आज होगी नामांकन पत्रों की जांच
बुलंदशहर। विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। सुबह दस बजे से कार्य समाप्ति तक सभी आरओ नामांकन पत्रों की जांच करेंगे। इसके बाद 27 जनवरी को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिले की सात सीटों पर विधायकों का चुनाव होना है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 21 जनवरी तक की गई नामांकन प्रक्रिया के तहत 101 प्रत्याशियों ने नामांकन किए थे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जांच के बाद अधूरे नामांकन पत्रों को निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद 27 जनवरी को नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है। अब विभिन्न दलों के प्रत्याशी अपनी-अपनी विधानसभा पर निर्दलीय प्रत्याशियों को नाम वापसी के लिए मना रहे हैं। बड़े दलों के प्रत्याशियों को ऐसे निर्दलीय प्रत्याशियों से वोट कटने का खतरा है।
कंट्रोल रूम :
विधानसभा चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। चुनाव से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए 1950, 05732-282828, 05732 281518, 9454418075 को डायल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
नामांकन पत्रों की जांच निष्पक्ष रूप से कराई जाएगी। जांच पूरी होने के बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जो भी प्रत्याशी शेष बचेंगे, उनके लिए 10 फरवरी को निष्पक्षता से मतदान कराया जाएगा। - चंद्र प्रकाश सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी