मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे एक 60 वर्षीय वृद्ध की शनिवार शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। करीब आधे घंटे तक शव सड़क किनारे पड़ा रहा। गांव के ही एक राहगीर युवक ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे एक 60 वर्षीय वृद्ध की शनिवार शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। करीब आधे घंटे तक शव सड़क किनारे पड़ा रहा। गांव के ही एक राहगीर युवक ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लच्छमपुर निवासी चिनी (60) मजदूरी कर अपना और परिवार का भरण पोषण करते थे।
विज्ञापन
शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे वे काम निपटाकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान लल्लू के हाता के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन अंधेरा होने और चेहरा स्पष्ट न दिखने के कारण कोई पहचान नहीं सका। इस दौरान पुलिस भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची।
करीब आधे घंटे बाद शहर से लौट रहे गांव के एक युवक ने शव को देखकर शिनाख्त की और परिजनों को खबर दी। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। सीओ भरत सोनकर ने बताया कि सड़क हादसे की जानकारी मिली है और पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।