बुलंदशहर। जिले में संचालित आठ कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को जल्द इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा। इन विद्यालयों को 32 करोड़ रुपये खर्च कर इंटरमीडिएट तक उच्चीकृत किया जाएगा। शासन से राशि मिलने के बाद इन विद्यालयों को उच्चीकृत करने का काम शुरू हो गया है।
जिले में 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। बीएसए डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि तीन कस्तूरबा विद्यालयों में इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई शुरू हो गई है। जबकि शासन के निर्देश पर सिकंदराबाद ग्रामीण, दानपुर, अरनिया, लखावटी, स्याना, ऊंचागांव, अनूपशहर व जहांगीराबाद के विद्यालयों को इंटरमीडिएट तक उच्चीकृत करने के लिए शामिल किया गया है।
छात्राओं को उनके स्कूल के तीन किमी के दायरे में कक्षा नौ में प्रवेश दिलाया जाएगा और वह हॉस्टल में रहकर आगे की पढ़ाई करेंगी। इन विद्यालयों में नए कक्ष कक्षा और हॉस्टल समेत अन्य विकास कार्य होंगे। एक विद्यालय पर चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। संवाद