महिला इंस्पेक्टर द्वारा लगाए गए आरोपों और राशन डीलरों की भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के बाद जांच में दोषी पाए जाने पर डीएसओ द्वारका प्रसाद त्रिपाठी को शासन ने सस्पेंड कर दिया है।
जिलाधिकारी बी. चंद्रकला ने सोमवार देर शाम इसकी पुष्टि की है। डीएसओ गौतमबुद्वनगर को बुलंदशहर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बता दें कि दो माह पहले पूर्ति विभाग की महिला इंस्पेक्टर ने डीएसओ पर अभद्रता व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी।
इसी दौरान जिले के छह-सात राशन डीलरों ने डीएसओ पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों को शिकायत की थी। जिसके बाद शासन स्तर से मेरठ, मुरादाबाद व बरेली के खाद्य आयुक्तों की टीम ने मामले की जांच की थी।
10 दिन पहले जांच टीम ने डीएसओ व शिकायतकर्ताओं के बयान भी दर्ज किए थे। इसकी रिपोर्ट तैयार कर टीम ने शासन को भेज दी थी।
सोमवार देर शाम जिलाधिकारी बी. चंद्रकला ने बताया कि डीएसओ द्वारका प्रसाद त्रिपाठी को शासन ने सस्पेंड कर दिया है और डीएसओ गौतमबुद्वनगर को बुलंदशहर जिले का अतिरिक्त प्रभार दिया है।