पहासू।
कस्बा निवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। नगर पंचायत दो करोड़ रुपये से नाली बनाकर पानी निकासी का प्रबंध करेगी। साथ ही सीसी रोड व प्रकाश व्यवस्था का भी इंतजाम करेगी। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को अनुमति के लिए भेज दिया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ताबीर अजमल और अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने बताया कि कस्बे में कई स्थान ऐसे हैं, जहां पर बारिश के दिनों जलभराव की समस्या हो जाती है। पानी निकासी का प्रबंध न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यहां पर नाली बनाकर पानी निकासी का प्रबंध किया जाएगा। इसके अलावा कई स्थानों पर सीसी रोड भी बनाई जाएंगी। इसके लिए सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। इसी तरह कस्बे में प्रकाश व्यवस्था के लिए 400 एलईडी लाइट लगाई जाएगी। इस कार्य को पूरा करने के लिए प्रस्ताव बनाकर क्षेत्र के विधायक अनिल शर्मा के माध्यम से शासन को अनुमति के लिए भेज दिया गया है।
इन स्थानों पर बनाई जाएंगी नाली और सीसी रोड
नगर पंचायत पहासू के अधिकारियों के अनुसार मोहल्ला अशोक नगर में दो स्थानों पर नाली निर्माण और सीसी रोड बनाई जाएगी। मोहल्ला आंबेडकर नगर में पांच जगह नाली का निर्माण और सीसी रोड, मोहल्ला सर सय्यदनगर में दो स्थानों पर सीसी रोड व नाली का निर्माण, मोहल्ला आजाद नगर में चार स्थानों पर सीसी रोड व नाली का निर्माण कराया जाएगा। मोहल्ला समद में भी सीसी रोड व नाली बनाई जाएगी। इसी के अलावा कस्बे के विभिन्न मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था के लिए अलग-अलग वाट की 400 एलईडी लाइट लगाई जाएगी। इसके साथ 4500 मीटर लंबी बिजली की केबल भी बिछाई जाएगी।