स्याना। सोमवार को स्याना तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 27 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमें मौके पर मात्र चार शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने साप्ताहिक बाजार रामलीला मैदान में लगवाने की मांग की। जिस पर डीएम ने अधीनस्थों को विचार करने के निर्देश दिए।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नगर निवासी संजू, नवरत्न, सिंटू सिंह व चंद्रपाल सिंह आदि ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि नगर में साप्ताहिक बाजार सोमवार को लगता है। प्रशासन द्वारा मार्ग पर जाम की स्थिति को देखते हुए साप्ताहिक बाजार को मोहल्ला चौधरियान से नगर के वैराफीरोजपुर मार्ग स्थित रामलीला मैदान में लगाने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन कुछ दुकानदार अभी भी मौहल्ला चौधरियान में ही दुकानों को लगाया जा रहा है। डीएम ने एसडीएम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, सिकंदराबाद में तहसील सभागार में 10 फरियादियों ने न्याय के लिए गुहार लगाई। एसडीएम दीपक कुमार पाल ने दो समस्याओं का निस्तारण किया। संपूर्ण समाधान दिवस में चार राजस्व, पांच पुलिस व नगर पालिका की एक शिकायत आई। एसडीएम ने समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए। समाधान दिवस में सीओ भास्कर मिश्रा समेत तहसील स्तरीय सभी अफसर मौजूद रहे।
गंदे पानी से निजात दिलाने के लिए दिया प्रार्थना पत्र
अहमदगढ़। विकास खंड पहासू के गांव अहमदगढ़ में जल निकासी की सुचारू व्यवस्था न होने से परेशान ग्रामीणों शिकारपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के टावर वाला मोहल्ला और कोठी वाली मुख्य सड़क पर नालियां तो बनी हैं, लेकिन उनकी सफाई और ढलान सही न होने के कारण पानी सड़क पर ही फैल रहा है। पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। जिससे पैदल यात्रियों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। संवाद
डीएम ने गोशाला व रैन बसेरे का किया निरीक्षण
स्याना। संपूर्ण समाधान दिवस के बाद डीएम श्रुति व एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बुगरासी मार्ग स्थित कान्हा गोशाला व नगर के बुलंदशहर मार्ग स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि गोशाला में रहने वाले गोवंशों का पूरा ख्याल रखा जाए। रैन बसेरे के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि जो लोग रात में आश्रय के लिए परेशान हो रहे हो, उन्हें रैन बसेरे में आश्रय दिया जाए। इसके साथ ही उनके भोजन पानी का बेहतर इंतजाम भी किया जाए।इस दौरान एसडीएम रवींद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार अजय कुमार व ईओ नगर पालिका सेवाराम राजभर आदि मौजूद रहे। संवाद