जहांगीराबाद। कुदैना-जयरामपुर मार्ग पर स्कूल बस की चपेट में आकर यूकेजी की छात्रा दिव्यांशी की मौत के मामले में पुलिस ने बस चालक, देव विद्या पब्लिक स्कूल के प्रबंधक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मासूम की मौत के एक दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर के बाद मामले ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान घटनास्थल, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जाएगी।
माधोगढ़ निवासी पिता अमित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री दिव्यांशी जाड़ौल स्थित देव विद्या पब्लिक स्कूल में यूकेजी की छात्रा थी। सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह स्कूल बस से विद्यालय जा रही थी। कुदैना-जयरामपुर के पास बस रुकने पर बच्ची नीचे उतरी। आरोप है कि चालक ने यह सुनिश्चित किए बिना कि बच्ची सुरक्षित बस में सवार हुई है या नहीं, बस आगे बढ़ा दी। इससे दिव्यांशी बस के पिछले पहियों की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हादसे के समय चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने के बावजूद उसने बस नहीं रोकी। साथ ही स्कूल बस में बच्चों को सुरक्षित चढ़ाने-उतारने के लिए कोई परिचालक तैनात नहीं था जबकि इसकी जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की थी।
पीड़ित पिता ने चालक की लापरवाही के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि बस में परिचालक मौजूद होता और बच्चों को सुरक्षित चढ़ाने-उतारने के नियमों का पालन किया जाता और उनकी बेटी की जान बच जाती।
सीओ शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने मृतका के पिता अमित की तहरीर पर बस चालक हितेश, स्कूल प्रबंधक प्रेमपाल और प्रबंधन से जुड़े टिंकू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।