बुलंदशहर। नगर के जीरो कूल शूटिंग रेंज के शूटर यश चौधरी ने हापुड़ में आयोजित इंटर स्कूल स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता है। वहीं, जिले के शेष सात शूटरों ने उम्दा प्रदर्शन कर नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। विजेता शूटर यश चौधरी को सांसद डॉ. भोला सिंह ने मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया।
शिकारपुर स्थित ओलंपियन पब्लिक स्कूल में 12वीं का छात्र यश चौधरी नगर के जीरो कूल शूटिंग रेंज पर प्रशिक्षण ले रहा है। एकेडमी के कोच मनीष चौधरी ने बताया कि 19 सितंबर से 22 सितंबर तक हापुड़ में उत्तर प्रदेश रायफल एसोसिएशन की ओर से भविष्य पब्लिक स्कूल में इंटर स्कूल स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। इसमें एकेडमी के आठ निशानेबाजों ने हिस्सा लेते हुए नेशनल के लिए क्वालीफाई किया। बताया कि रजत सिंह आईएसएसएफ यूथ वर्ग 600/541, पार्षव वशिष्ठ आईएसएसएफ सब यूथ 600/544, हर्ष वर्धन आईएसएसएफ यूथ मेन 600/563, तनु मिश्रा एनआर सब यूथ वूमेन वर्ग 400/355, आरव अम्बावत एनआर सब यूथ 400/355, दैविक चौहान एनआर सब यूथ 400/339, रचित एनआर सब यूथ 400/347, लक्ष्य चौधरी एनआर यूथ 400/345 और यश चौधरी एनआर यूथ मेन 400/375 का स्कोर किया। इसमें यश को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। यश चौधरी इससे पूर्व प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर एक गोल्ड व एक सिल्वर मेडल जीत चुका है। रविवार को एकेडमी पहुंचे सभी खिलाड़ियों का सांसद डॉ. भोला सिंह ने मिठाई खिलाकर स्वागत किया।