बुलंदशहर। राशन कार्ड की ई-केवाईसी करवाने में जिला प्रदेश में 33वें पायदान पर है। अभी तक 72.52 प्रतिशत राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी हो चुकी है। शेष 28 प्रतिशत की ई-केवाईसी जल्द करा ली जाएगी।
जिले में करीब छह लाख राशन कार्ड धारक हैं। इनमें 25,83,813 सदस्य जुड़े हुए हैं। जुलाई 2024 से राशन कार्ड की केवाईसी चल रही है। अभी तक 18,73,689 सदस्यों की केवाईसी हो चुकी है। जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि ई-केवाईसी कराने के लिए मार्च तक का समय दिया गया है।
यदि कोई परिवार या सदस्य जनपद से बाहर है तो पूरे उत्तर प्रदेश में किसी भी राशन की दुकान पर ई-केवाईसी करा सकते हैं। बताया कि पिछले छह महीने में ई-केवाईसी समेत मृतक और शादी होने के कारण 8,633 सदस्यों के नाम कट गए हैं। इसके साथ ही नए सदस्य बढ़ाए जा रहे हैं। वहीं, पिछले छह माह में 12,269 नए सदस्यों के नाम भी जुड़ गए हैं।