बुलंदशहर। पीएमश्री योजना में शामिल बेसिक शिक्षा विभाग के नौ स्कूलों को 1.53 करोड़ की राशि मिली है। इस राशि से विद्यालयों में विकास के कार्य होंगे और कक्षों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। योजना में विभाग के 37 स्कूल शामिल हो चुके हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि पीएमश्री योजना में शामिल विभाग के स्कूलों में विकास कार्य कराने के लिए लगातार शासन से राशि मिल रही है।
इस राशि से इन स्कूलों में कमरे, बाल वाटिका, दिव्यांग शौचालय, खेल के मैदान, पुस्तकालय आदि बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब नौ विद्यालयों में विकास कार्य कराने के लिए 1.53 करोड़ की राशि मिली है। इससे सभी स्कूलों में होने वाले इन कार्यों को पूरा कराने के लिए खाका तैयार कर लिया है। जल्द ही विकास कार्यों की शुरुआत करा दी जाएगी।
इसका लाभ छात्र-छात्राओं को मिलेगा। वहीं, दूसरी ओर पीएमश्री योजना में शामिल दूसरे स्कूलों को भी और राशि मिलने की संभावना है। योजना में शामिल सभी स्कूल जल्द ही कुछ अलग दिखाई देंगे। साथ ही इनकी सूरत बदलने के साथ सुविधाएं भी बढ़ जाएंगी।