डीएम से बुधवार को मिलने जाते पीड़ित के परिजन।
- फोटो : ब्यूरो
जिला अस्पताल में हुए गलत ऑपरेशन के कारण युवक के शरीर फटने के मामले में उसके परिजन बुधवार को डीएम से मिले। उन्होंने डीएम से आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित का उपचार कराने की मांग की है। डीएम ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
नगर के पुलिस लाइन स्थित मोहल्ला कोठियात निवासी प्रदीप कुमार पुत्र रमेश चंद्र ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की शिकायत की है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष लक्ष्मीराज के साथ डीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि उसके भाई संदीप को अपेंडिक्स के इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ऑपरेशन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। उसके पेट में ज्यादा दर्द होने लगा, तो डॉक्टर ने कहा कि यह सामान्य दर्द है। बाद में जब उसके भाई को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया तो पता चला कि ऑपरेशन गलत हुआ है।
संदीप का शरीर फटने लगा। पीड़ित ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब है और वह मकान बेचकर अपने भाई का इलाज करा रहा है। पीड़ित ने डीएम से आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई और उपचार के लिए मदद की गुहार लगाई है। वहीं जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना ने पीड़ित परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।