केशौपुर सठला में दस बजे स्टाफ ने कैश न होने की बात कही तो ग्राहकों ने बैंक में ताला डाल दिया। शाखा प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारियों ने पुलिस के माध्यम से बामुश्किल ग्राहकों को शांत कराया तथा कैश आने पर ग्राहकों को भुगतान कराया।
वहीं पंजाब नैशनल बैंक में लंच समय के बाद पैसा लेकर आई गाड़ी के आते ही शाखा प्रबंधक के केबिन से लेकर बैंक के बाहर तक लाइन लग गई। शाखा प्रबंधक महेंद्र कुमार ने ग्राहकों को शांत कर भुगतान कराया। कैलावन स्थित आईओबी में कैश न होने पर लाइन में लगे लोगों ने हंगामा किया और कैश आने पर भुगतान हेतु टोकन देने की मांग उठाई। बैंक मैनेजर निरंजन सिंह ने ग्राहकों को गुरुवार को कैश वितरण की बात कहकर समझाया।
बैंक पर भगदड़, दो महिला समेत तीन घायल
सदर बाजार रोड स्थित इलाहाबाद बैंक का गेट खुलते ही लोगों में भगदड़ मच गई। भगदड़ में दो महिलाएं समेत तीन लोग घायल हो गए। हालांकि बैंक मैनेजर ने भगदड़ से इनकार किया है। पिछले कुछ दिनों की तरह मंगलवार को तड़के चार बजे से ही पैसे निकालने और जमा करने के लिए इलाहाबाद बैंक पर भीड़ लगनी शुरू हो गई।
बैंक का गेट खुलते ही लोगों में भगदड़ मच गई। इसमें मोहल्ला देहली दरवाजा निवासी आमना, समीना और एक युवक घायल हो गए। बताया गया कि जिस समय बैंक पर भगदड़ मची थी, उस समय बैंक पर मात्र एक पुलिसकर्मी और बैंक का गार्ड तैनात था। यदि बैंक खुलने के समय पुलिस फोर्स तैनात रहती तो हालात नहीं बिगड़ते घायल महिलाओं को औरंगाबाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बैंक प्रबंधक राहुल कुमार नेन बताया कि लोगों के बीच मची भगदड़ के मामले में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। मंगलवार को बैंक से करीब 12 लाख रुपयों का वितरण किया गया है।
डाकघर के बाहर लाइन में लगा वृद्ध बेहोश
डाकघर में रुपये जमा करने के लिए लाइन में लगा वृद्ध घंटों नंबर नहीं आने पर बेहोश होकर गिर गया। लाइन में लगे लोगों ने वृद्ध को पानी पिलाया। काफी देर बाद वृद्ध को होश आया। नगर के कायस्थवाडा निवासी महाराज सिंह(65वर्ष)ने बताया कि मंगलवार को वह डाकघर में रुपये जमा करने के लिए आया था। वह सवेरे ही लाइन में लग गया था। घंटों लाइन में खड़े रहने के कारण उसे चक्कर आने से वह बेहोश हो गया।