धनतेरस पर सजा बाजार, उमड़ने लगे खरीदार
बुलंदशहर। धनतेरस को लेकर बाजार गुलजार हो गए हैं। साथ ही खरीदार भी बाजार में पहुंचना शुरू हो गए हैं। बाजार में इलेक्ट्रनिक, सजावट और ऑटो मोबाइल आदि के सामान से लेकर कपड़े-गहनों की खरीदारी भी शुरू हो गई है। लोग धनतेरस के दिन बाइक आदि ले जाने के लिए बुकिंग आदि भी करा रहे हैं।
नगर के अंसारी रोड, कृष्णा नगर, बूरा बाजार, साठा आदि बाजारों में दुकानें सज गईं। साथ ही बाजार भी रंग बिरंगी रोशनी और झालरों से सजाई गईं हैं। शुक्रवार को भी ग्राहक बाजार पहुंचे। दुकानदारों द्वारा ग्राहकों को तरह-तरह के ऑफर्स दिए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। दिवाली पर एक दूसरे को बधाइयों के साथ उपहार देने की भी परंपरा है। इसके लिए दुकानों पर लोग मिठाइयां, ड्राईफ्रूट्स के पैकेट, बर्तन, चांदी के सिक्के आदि की खरीदारी करेंगे। इसके अलावा शोपीस, सजावटी सामान, बरतन आदि को भी लोग ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। ऑटो मोबाइल संचालक गगन शर्मा ने बताया कि धनतेरस और दिवाली के लिए लोग बुकिंग करवा रहे हैं। कार शोरूम के संचालक विनीत चड्ढा ने बताया कि धनतेरस के लिए कारों की बुकिंग जारी है। रंगोली शोरूम के संचालक शिवम गर्ग ने बताया कि दिवाली पर महिलाओं की पसंद की काफी वैरायटी उपलब्ध हैं। ग्राहक ऑनलाइन की जगह बाजार से खरीदारी करें क्योंकि कपड़ा हाथ में लेकर ही समझ में आता हैं। मोड फैशन के संचालक वैभव अग्रवाल ने बताया कि दिवाली पर तरह-तरह के डिजाइन की सलवार कुर्ती, सिल्क, जरी आदि की साड़ियां पारंपरिक तौर पर पसंद की जा रहीं हैं। दिवाली के अवसर पर घरों को सजाने के साथ ही घर में रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाले इलेक्ट्रॉनिक के सामान की भी जमकर खरीद हो रही है। साथ ही लोगों को दिवाली के अवसर पर गिफ्ट आदि के लिए भी इलेक्ट्रॉनिक के सामान खरीदने के साथ बुकिंग करवा रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के संचालक मोहित अग्रवाल ने इस बार अच्छा कारोबार होने की संभावना है। नगर के बूरा बाजार, मोती बाग, चौक बाजार, देवीपुरा और कृष्णा नगर बाजार में बर्तन आदि की दुकानेें सज गई हैं। बर्तन कारोबारी प्रवेश कुमार ने बताया कि धनतेरस के अवसर पर लोग बर्तन आदि खरीदने आते हैं।
आज से शुरू हुई त्योहारों की शृंखला
बुलंदशहर। दिवाली का त्योहार धनतेरस से शुरू हो जाएगा, जो भैयादूज तक जारी रहेगा। इस बार धनतेरस दो दिन शनिवार व रविवार की बताई जा रही है। त्योहार को लेकर सभी घरों में तैयारियां चल रहीं हैं। घरों को आकर्षक साज-सज्जा देने का काम अंतिम दौर में है। ज्योतिषाचार्य पंडित नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि पौराणिक मान्यता है कि रोशनी का पर्व भगवान श्रीराम, सीता और लक्ष्मण जी के 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है।