शिकारपुर। नगर पालिका परिषद शिकारपुर शहर में करीब 1.22 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके तहत पेयजल पाइपलाइन बिछाने, एमआरएफ सेंटर में मशीनों के लिए टीन शेड बनाने, हैंडपंप रिबोर, सड़कों, नालियों, पुलिया और क्षतिग्रस्त जाल की मरम्मत समेत नौ कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका कार्यालय में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर 4.92 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड चार के मुफ्ती वाड़ा में छह गलियों में 783 मीटर पाइपलाइन के लिए 16.48 लाख, वार्ड 19 के कोटशेर खां में सात गलियों में 1490 मीटर पाइपलाइन के लिए 15.07 लाख और वार्ड एक व तीन के चौक क्षेत्र में पांच गलियों में 1088 मीटर पाइपलाइन के लिए 12.36 लाख रुपये खर्च होंगे।
एमआरएफ सेंटर में मशीनों के लिए नींव व टीन शेड बनाने पर 29.34 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन, 15 इंडिया मार्क हैंडपंपों के रिबोर तथा सीसी मार्ग, इंटरलॉकिंग टाइल्स, पुलिया व क्षतिग्रस्त जाल की मरम्मत के कार्य होंगे। नगर पालिका अध्यक्ष राजबाला सैनी और अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने बताया कि सभी कार्यों के टेंडर हो चुके हैं। इन कार्यों की कुल अनुमानित लागत 1.22 करोड़ रुपये है। संवाद