बीडीए अफसरों ने सील की अवैध इमारत
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी ने बीडीए अफसरों को अवैध कॉलोनियों को ढहाने और कालोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कालाआम से भूड़ तक बन रही सड़क को मई माह के अंत तक पूरा करने के भी निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को बीडीए अफसरों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डीएम ने बीडीए अफसरों को जिले में विकसित हो रहीं अवैध कॉलोनियों को विकसित करने वाले कालोनाइजरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देश दिए कि जिले में अवैध कॉलोनियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाकर इन्हें ढहाया जाए। डीएम ने प्राधिकरण की महायोजना 2021 की भी जानकारी अफसरों से ली।
नगर में सड़क निर्माण और अन्य निर्माण संबंधी कार्यों की भी जानकारी ली। कालाआम चौराहे से भूड़ चौराहे तक बन रही सड़क को 31 मई तक पूरा करने के निर्देश अफसरों को दिए।
बीडीए अफसरों ने सील की अवैध इमारत
नगर में अवैध रूप से बन रही एक बिल्डिंग को बीडीए अफसरों ने सील कर दिया। बीडीए सचिव इंदुप्रकाश सिंह ने बताया कि नगर के ईदगाह रोड पर एक भवन का अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा था। भवन स्वामी को पूर्व में ही नोटिस जारी किया गया था, लेकिन भवन स्वामी द्वारा नोटिस का कोई जबाव नहीं दिया गया।