बुलंदशहर। मौसम में बदलाव के साथ लोगों में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। बुखार के मरीज प्लेटलेट्स कम हो जाने पर उन्हें बढ़ाने के लिए कीवी और नारियल पानी का प्रयोग अधिक कर रह हैं। ऐसे में इनकी मांग बढ़ने से दाम में भी बढ़ोतरी हो रही है।
जिले में वायरल बुखार के मरीजों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है तो वहीं, बुखार पीड़ितों में अधिकांश की डेंगू और मलेरिया रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। टायफाइड का भी प्रकाेप बना हुआ है। डेंगू और टायफाइड में रोगी की तेजी से प्लेटलेट्स गिरती है। प्लेटलेट्स बढ़ाने में नारियल का पानी और कीवी फल को सहायक माना गया है। इस वजह से बाजार में इनकी मांग तेजी से बढ़ रही है।
एक माह पूर्व 40 से 70 रुपये में बिकने वाला नारियल इन दिनों 70 से 100 रुपये में बिक रहा है तो 100 रुपये में चार कीवी की जगह वर्तमान में 40 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। मोहित कुमार ने बताया कि भाई की प्लेटलेट्स गिर रही है। इसके लिए नारियल पानी लेने आया हूं। वसीम ने बताया कि बुखार का प्रकोप बढ़ने पर अपने और परिवार वालों के लिए कीवी फल एवं नारियल पानी खरीदा है। पिंटू ने बताया कि भतीजी को बुखार के लक्षण मिलने पर चिकित्सक ने नारियल पानी पिलाने की सलाह दी है, इसलिए नारियल खरीदे हैं। नारियल पानी विक्रेता ने बताया कि पिछले कई दिनों से नारियल पानी एवं कीवी फल की मांग बढ़ी है। जिससे इनके दाम में बढ़ोतरी हो गई है।