नगर की एक दुकान पर अन्य मिठाई संग बिक्री के लिए रखा घेवर। संवाद
बुलंदशहर/बुगरासी। सावन माह शुरू होने के बाद से बाजार में घेवर की बिक्री शुरू हो गई है। ऐसे में बाजारों में घेवर तैयार हो रहे हैं। वहीं, मांग बढ़ने एवं तीज का त्योहार नजदीक आने से पूर्व घेवर के दाम में भी बढ़ोतरी हो रही है। अभी से कोई अपनी बहन के लिए तो कोई बेटी की ससुराल भेजने के लिए ऑर्डर दे रहे हैं।
बाजारों में फीका, सादा, मावे वाला घेवर, मलाई, चाकलेट, ड्राई फ्रूट, केसर आदि फ्लेवर के घेवर की मांग है। मिठाई विक्रेता अमित गिरी ने बताया कि सावन की कोथली के लिए घेवर की मांग बढ़नी शुरू हो गई है।
बाजार में 350 से 1200 रुपये प्रति किलो की दर पर घेवर की बिक्री हो रही है। विक्रेता देसा लोधी ने बताया कि जितनी अच्छी बरसात और नमी होगी, घेवर और फैनी भी उतनी ही अच्छी बनेगी। नमी के मौसम में ये दोनों चीजें उतनी ही मुलायम और स्वादिष्ट हो जाती हैं।