गुलावठी। थाना क्षेत्र में बुलंदशहर-हापुड़ सीमा पर एक वाहन में सवार चार लोगों ने राज्य कर अधिकारी सचल दल पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में राज्य कर अधिकारी की आंख में गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने देर शाम आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित अधिकारी चन्द्रशेखर सिंह ने तहरीर देकर बताया कि वह तृतीय इकाई मोहन नगर गाजियाबाद में राज्य कर अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वह हापुड़-बुलंदशहर सीमा पर सूचक द्वारा दी गई सूचना के क्रम में संभावित दोषी वाहन की प्रतीक्षा कर रहे थे। तभी चार लोग एक वाहन में सवार होकर आए और सरकारी वाहन का रास्ता अवरोध कर दिया। साथ ही आरोपियों ने उनके साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए कहा कि तुमने हमारी गाड़ी क्यों पकड़ी है। इस पर उन्होंने आरोपियों से कहा कि विधि प्रक्रिया के तहत उन्होंने गाड़ी पकड़ी है। इस बीच उनके सरकारी वाहन के चालक ने मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू कर दी।
जिस पर आरोपियों ने धमकी देते हुए लोहे की रॉड व धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी आंख पर गंभीर चोट आई है। इसके अलावा वह जमीन पर गिर गए और आरोपी धमकी देते हुए वाहन में बैठकर फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि राज्य कर अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।