जहांगीरपुर। कपना गांव की नहर में सोमवार शाम को डूबी 11 वर्षीय बच्ची का शव 12 किलोमीटर दूर मांचड़ गांव की नहर में बुधवार सुबह मिला। बच्ची का शव देख परिजन बिलख पड़े। ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर सांत्वना देने पहुंच गए। पूरे गांव में शोक की लहर है।
कपना गांव निवासी नरेश खेती करके परिवार का पालन पोषण करता है। उसकी 11 वर्षीय बेटी अदिति सोमवार शाम चार बजे सहेलियों संग गांव स्थित नहर में नहाने गई थी। नहाते हुए अदिति का पैर रेत में फंस गया और वह पीछे की ओर गिर गई। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह नहर में डूब गई। तभी गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। वहीं एसडीएम व सीओ ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की और अनूपशहर से पीएसी के तैराक बुलाए गए।
गोताखोर लगातार बच्ची की तलाश कर रहे थे। लगभग 37 घंटे बाद बुधवार सुबह करीब पांच बजे बच्ची का शव मांचड़ गांव की नहर से बरामद हुआ। थाना प्रभारी यंग बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम जांच के लिए इनकार कर दिया था। शव परिजनों को सौंप दिया गया।