अहमदगढ़। गांव डोमला हसनगढ़ के परिषदीय स्कूल में छात्र-छात्राओं को पानी मिला दूध दिए जाने का मामला सामने आया है। साथ ही शिक्षकों पर समय से स्कूल न खोलने का भी आरोप है। ग्राम प्रधान ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है और डीएम समेत अन्य अधिकारियों से शिकायत भी की है।
ग्राम प्रधान ऋषि पाल ने बताया कि उनके भाई बुधवार को खेतों पर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने स्कूल के बाहर बच्चों को खड़ा देखा। पूछने पर बच्चों ने बताया कि अभी अध्यापक नहीं आए हैं। जबकि स्कूल खुलने का समय आठ बजे का है। आरोप है कि शिक्षक 8:25 बजे पहुंचे। उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। प्रधान ऋषिपाल का कहना है कि स्कूल समय पर नहीं खुल रहा। वह भी अचानक स्कूल का मिड-डे-मील चेक करने पहुंचे। स्कूल में 102 बच्चाें के लिए पांच लीटर दूध मंगाया गया था। इस दूध को पानी मिलाकर ज्यादा कर दिया गया। इसका कारण पूछा तो शिक्षकों का कहना था कि सुबह बच्चे कम आए थे और अचानक बढ़ गए हैं। प्रधान ने बताया कि इसकी शिकायत डीएम समेत अन्य उच्च अधिकारियों से की गई है।
प्रधानाध्यापक विक्रम यादव ने आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने बताया कि वह विभागीय काम के लिए बुलंदशहर गए थे और वहां से रिवाड़ा स्थित स्कूल से कुछ किताब लेने चले गए थे। शिक्षामित्र को स्कूल खोलना था। हो सकता है कि वह कुछ देरी से पहुंची हों। डेरी पर दूध पर्याप्त नहीं मिल सका। उसमें पानी नहीं मिलाया गया। बीएसए लक्ष्मीकांत पांडेय का कहना है कि ऐसी शिकायत अभी मिली नहीं है। इसका पता कर जांच कराई जाएगी।