खानपुर थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर गढ़वा में महिलाओं ने रविवार को निर्माणाधीन ठेका ढहा दिया। इस दौरान महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर ठेके का निर्माण दोबारा हुआ तो गांव की एक भी लड़की कॉलेज पढ़ने नहीं जाएगी।
बता दें कि बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर स्टेट हाईवे स्थित गांव शेखपुर गढ़वा पर देशी शराब का ठेका कई वर्षों से स्थापित है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ठेका स्वामी गांव के मुख्य मार्ग पर ठेके का निर्माण करा रहा था। रविवार दोपहर करीब दो बजे महिलाओं को ठेके के निर्माण होने की जानकारी हुई।
सूचना मिलने पर दर्जनों महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर मौके पर जा धमकी। उस दौरान वहां कोई भी मजदूर मौजूद नहीं था। महिलाओं ने निर्माणधीन ठेके को लाठी-डंडों से दीवार गिराकर उसे ध्वस्त कर दिया। साथ ही दोबारा ठेके के निर्माण पर गांव से लड़कियों को नहीं पढ़ाने की चेतावनी दी है।
महिलाओं का कहना है कि मार्ग से अधिकतर लड़कियां पैदल ही कॉलेज जाती हैं। इस मार्ग पर ठेका निर्माण होने से शराबी लड़कियों के साथ बदतमीजी करेंगे। इस दौरान गीता, पूनम, उर्मिला, सविता, महेंद्री, मुन्नी देवी, पिंकी, ललिता, जगवीरी, मितलेश, देवेंद्री, रजनी, किरण, बसंती, अंजलि, पुष्पा आदि मौजूद रही।