जनपद को नई करेंसी के रूप में 40 करोड़ रुपये की खेप और मिल चुकी है। अब तक करीब 250 करोड़ की करेंसी आ चुकी है, लेकिन बैंकों से लाइन कम नहीं हो पा रही है।
एक-एक बैंक में महज 20 से 30 लाख रुपये ही पहुंच सके। हालांकि सभी बैंकों से लोगों को अधिकतम 10 हजार रुपये ही दिए गए। 500 का नोट नहीं आने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को जिले में 40 करोड़ की नई करेंसी के नोट आ गए। इस करेंसी को पीएनबी के सभी बैंकों के अलावा कुछ अन्य बैंकों में वितरित कर दिया गया। एक-एक बैंक के हिस्से में करीब 20 से 30 लाख रुपये की करेंसी ही आ सकी।
प्रमुख शाखाओं में ज्यादा करेंसी दी गई। हालांकि सभी बैंकों से लोगों को अधिकतम 10 हजार रुपये ही दिए गए। कैश कम होने के कारण इससे ज्यादा पैसा नहीं दिया गया। रिजर्व बैंक द्वारा भेजी गई नगदी में 100, 50, 20, 10, 2000 के नोट ही बांटे गए।
500 रुपये का नया नोट नहीं आने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। जिले में अब तक करीब 250 करोड़ की करेंसी आ चुकी है, लेकिन यह करेंसी बाजार में अधिक मात्रा में चलन में नहीं आने से मंदी झेलनी पड़ रही है।