बुलंदशहर। दिवाली पर घर आए अन्य राज्यों व जिलों में नौकरी करने वाले लोगों के कार्यस्थल पर लौटने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। इसके चलते रविवार को भी नगर के रोडवेज अड्डे से लेकर अन्य चौक चौराहों पर यात्री खड़े होकर इंतजार करते नजर आए। नगर के रोडवेज अड्डे पर यात्रियों को गाजियाबाद के लिए सीधी बस न मिलने पर इंतजार करना पड़ा। वहीं, सोमवार से सभी रोडवेज बसें अपने समय और रूट पर चलेगी।
जिले के काफी संख्या में लोग अन्य राज्यों व जिलों में नौकरी करते है जो दिवाली त्योहार मनाने के लिए अपने-अपने घर आए। दिवाली के बाद शुक्रवार एवं शनिवार पड़ने पर लोग यहीं रुक गए और सोमवार से ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए रविवार सुबह से निकलना शुरू हो गए। रविवार को भी परिवहन निगम की व्यवस्थाएं धड़ाम रही।
नगर के डीएवी तिराहा, शिकारपुर तिराहा, अनूपशहर बस अड्डा और भूड़ चौराहे समेत अन्य स्थानों पर बसों के लिए काफी समय तक इंतजार करना पड़ा। गाजियाबाद जा रहीं सोनम ने बताया कि बस अड्डे पर त्योहार से पूर्व गाजियाबाद के लिए बस आसानी से मिल जाती। काफी देर से गाजियाबाद के लिए कोई सीधी बस सेवा नहीं मिल रही। दिल्ली जाने वाली सभी बसें काफी भरी हुई है। राजाराम ने बताया कि गाजियाबाद में पुराने बस अड्डे के पास एक कंपनी में नौकरी कर रहा हूं। अब वापस जा रहा हूं, जिससे सोमवार से काम पर जा सकूं। लेकिन दिल्ली को छोड़ गाजियाबाद के लिए बस नहीं मिल रही। वहीं, बदायूं, अलीगढ़ एवं आगरा रूट पर जाने वाले यात्रियों ने भी बस न मिलने की बात कही।
Iडिपो से सर्वाधिक बसें दिल्ली रूट पर लगाई गई है। बसों को अड्डे पर आने के बाद तुरंत रवाना किया जा रहा है। जिससे यात्रियों को समय से गतंव्य तक पहुंचाया जा सके। सोमवार से सभी बसें अपने निर्धारित समय एवं रूट पर चलेगी। - परमानंद , एआरएम बुलंदशहर डिपोI