स्याना क्षेत्र में हाईवे से मगरमच्छ को पकड़ कर ले जाते वन कर्मचारी। स्रोत: जागरूक पाठक
स्याना। नगर की सराय चौकी के पास शुक्रवार रात स्टेट हाईवे पर अचानक मगरमच्छ दिखाई देने से राहगीरों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सड़क पर मगरमच्छ देखकर हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ अचानक सड़क पर पहुंच गया था और हाईवे पर काफी देर तक मौजूद रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लोगों को सड़क से दूर कराया और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई की गई। वन विभाग की टीम के समय पर पहुंचने और रेस्क्यू किए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
डीएफओ डाॅ. हरेंद्र सिंह ने बताया कि स्याना क्षेत्र के सराय चौकी के पास शुक्रवार रात स्टेट हाईवे पर मगरमच्छ के पहुंचने की सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम के कर्मचारियों ने मगरमच्छ को पकड़ कर दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया है। यदि कहीं किसी को मगरमच्छ दिखाई दे तो उसकी सूचना विभाग को दें।