शिकारपुर। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, तीन तलाक दिए जाने के बाद देवर से हलाला करने का दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति, समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी शादी 22 नवंबर 2021 को कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि पति और ससुरालियों दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। दहेज में बुलेट बाइक और दो लाख रुपये नकदी की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित करने लगे। इस दौरान उन्होंने दो बेटियों का जन्म दिया। बेटियों को जन्म देने के बाद भी ससुरालियों के व्यवहार में परिवर्तन नहीं आया।
देवर ने उनके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पति को इस बारे में बताने पर पति ने उल्टे उनके साथ मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बावजूद भी पति और देवर ने उनके साथ मारपीट की गला दबाकर हत्या की कोशिश की। मायके के लोगों को जानकारी देने पर गांव में पंचायत की गई। आरोप है कि पंचायत में ही पति ने उन्हें तीन तलाक दे दिया। मायके के लोगों के ससुराल पहुंचकर बात करने पर पति, ससुरालियों ने देवर के साथ हलाला करने की शर्त रखी। विरोध करने पर ससुरालियों ने गाली-गलौज कर उसे और मायके वालों को वहां से भगा दिया। कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर उन्होंने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस जांच कर रही है।