भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाला संजीव हैवान बन चुका था। उसने युवती पर पेट्रोल उडेलकर उसे आग के हवाले कर दिया। आग की लपटों में घिरी युवती करीब 20 मिनट ममेरे भाई से जिंदगी की भीख मांगती रही, मगर वह नहीं पसीजा।
आरोपी संजीव ने भागने की कोशिश की। लपटों से घिरे होने के बावजूद पीड़िता ने उसे दबोच लिया। इस दौरान आरोपी का कमर का हिस्सा झुलस गया। घर से धुआं निकलता देख पड़ोसी दौड़े। पड़ोसी विपिन ने बताया कि उसे पता नहीं था कि घर में युवती आग से घिरी है। उसे लगा कि शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई है।
जब वह पहुंचा तो अंदर से चीखने की आवाजें सुनाई दीं। मोहल्ले वालों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर से आग की लपटों से घिरी युवती बाहर की ओर भागी। लोगों ने आग बुझाई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पहले सीएचसी और बाद में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां युवती ने परिजनों को आपबीती बताई।
बताया कि आरोपी संजीव बोतल में पेट्रोल लेकर आया था। पहले उसने रेप किया। इसके बाद पेट्रोल उड़ेलकर उसमें आग लगा दी। इंस्पेक्टर सिकंदराबाद ने बताया कि मौके से खाली बोतल बरामद कर ली गई है। जांच की जा रही है। हालांकि लोगों का यह भी आरोप है कि पुलिस ने बयान लेने में लापरवाही बरती।