खेत में घुसने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी दंपति ने अपने पिता के साथ मिलकर युवक के सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने एक ही परिवार के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव महताब नगर की मढैया निवासी सत्यवीर पुत्र सोहनलाल ने बताया कि बुधवार को उसके भाई वीरेंद्र (32)का पड़ोसी सतेंद्र पुत्र रतनलाल के साथ खेत में घुसने को लेकर विवाद हो गया था। बताया कि रात्रि में करीब 9.50 बजे सतेंद्र, उसकी पत्नी मीनाक्षी, पिता रतनलाल ने एक राय होकर घर के बाहर वीरेंद्र पर हमला बोल दिया।
उसके साथ मारपीट की जिसमें वीरेंद्र बेहोश हो गया। सत्यवीर ने बताया उसने रात्रि में वीरेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने वीरेंद्र की मौत की वजह सिर में गंभीर चोट लगना बताई है।
कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि सत्यवीर की तहरीर पर दंपति व उसके पिता के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पोस्टमार्टम के रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों के बारे में पता चलेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही उनकी जांच आगे बढ़ेगी।