कोतवाली क्षेत्र के शिवाली में तेज रफ्तार ट्रक दुकानों को ध्वस्त कर पलट गया। इस दौरान बिजली के दो खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को दबोच कर धुनाई कर दी। फिर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
रविवार रात करीब नौ बजे जहांगीराबाद मंडी से धान भरकर जा रहा दस टायरा ट्रक तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर कस्बा शिवाली में बिजली के दो खंभो को टक्कर मारते हुए चरन सिंह के पुत्र अन्नू की किराना की दुकान में घुसकर पलट गया। हादसे में दुकान के पास खड़ी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इससे पूर्व इस बेकाबू ट्रक ने कस्बे के ही अशोक, लोकेश,राहुल व कपिल आदि की दुकानों की भी टिन आदि को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक छोड़कर भाग रहे चालक को दबोच लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। ट्रक के पलटने से सड़क पर धान की बोरियां बिखर गई।