दिन में रेकी कर रात में चोरी की वारदातोें को अंजाम देने वाले गिरोह के चार चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह का एक साथी फरार होने में कामयाब रहा। चोरों के पास से कार, कैश और जेवरात बरामद किए गए हैं।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि शनिवार रात पुलिस की टीम धमैड़ा रोड पर वाहनों की तलाशी ले रही थी। तभी सूचना मिली कि पठानों वाले बाग के पास चोरों का गिरोह आया है।
एसआई दिनेश प्रताप, एसआई बच्चू सिंह की टीम ने दबिश दी तो गौरव पुत्र स्वामी, सोनपाल पुत्र रामशरण निवासी औलीना थाना औरंगाबाद, मुकेश कुमार उर्फ होमगार्ड पुत्र जीता, योगेश उर्फ योगी पुत्र धर्मवीर निवासी गांव अंजनी थाना जहांगीराबाद को पकड़ लिया।
जबकि सूरज पुत्र बहादुर सिंह निवासी अंजनी थाना जहांगीराबाद फरार हो गया। चारों ने पूछताछ में बताया कि वह बंद पड़े मकानों की दिन में रेकी करने के बाद रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
चारों के पास से एक होंडा सिटी कार, दो आला नकब सरिया व चाबियां, 8500 रुपये, 9 जोड़ी पाजेब, 2 जंजीर, 63 नग चुकटी, 2 नग कुंडल, 1 नग ब्रैसलेट चांदी का, 4 नग कुंडल सोने के, 1 नग नाक का फूल सोने का आदि माल बरामद किया गया है।