कोतवाली नगर और देहात क्षेत्रों में जहरखुरानी गिरोह ने दो युवकों को नशीली चाय पिलाकर नगदी और मोबाइल लूट लिया। बेहोशी की हालत में दोनों युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस्माइला गांव निवासी संजय (22) पुत्र मुरारी लाल ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर वह बुलंदशहर गए थे। लौटते समय डीएवी फ्लाईओवर के पास वह चाय की दुकान पर बैठ गए। चाय पीने के थोड़ी देर बात वह बेहोश हो गए।
होश आया तो वह अस्पताल में भर्ती थे। उसके पास से 4 हजार की नगदी और मोबाइल नहीं था। वहीं, ज्ञानलोक कॉलोनी निवासी मुन्ना (28) पुत्र रमेश ने बताया कि बुधवार देर शाम वह किसी काम से कोतवाली देहात के उटरावली गांव में गए थे।
वहां किसी ने उन्हें नशीली चाय पिला दी। जिससे वह बेहोश हो गए। जब होश आया तो वह अस्पताल में थे।
तमंचे के बल पर युवक से नगदी-बाइक लूटी
मीरपुर के पास तमंचे के बल पर बदमाशों ने युवक से नगदी और बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है।
सौदा हबीबपुर निवासी चेतन किसी काम से अलीगढ़ गए थे। बृहस्पतिवार सुबह वह बाइक से लौट रहे थे। तभी मीरपुर गांव के पास बाइक सवार तीन बादमाशों ने ओवरटेक कर युवक को रोक लिया।
इसके बाद तमंचे के बल पर चेतन से दो हजार की नगदी और बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने चेतन के साथ मारपीट की। पीड़ित चेतन किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को वारदात की सूचना दी।
इसके बाद कोतवाली पहुंच कर चेतन ने तहरीर दी है।