कोतवाली क्षेत्र के धर्मपुर मार्ग के जरैना मोड़ पर शुक्रवार शाम आमने-सामने हुई बाइक भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो मासूम सहित एक महिला व एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
शिकारपुर थाना क्षेत्र के गांव लालनेर निवासी नानक चंद (26) पुत्र रामसिंह अपनी पत्नी सुनीता तथा पुत्र किशन (6) तथा पुत्री साधना (7) के साथ बाइक से अतरौली क्षेत्र में गांव वैमीपुर रिश्तेदारी से जा रहे थे।
दूसरी ओर से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र गांव गहना कोठी निवासी रोहित (26) पुत्र किशन सिंह अपने साथी जगदीश पुत्र इंद्रजीत (50) के साथ ननसाल उदयपुर जा रहे थे। धर्मपुर चौकी क्षेत्र में गाव जरैना मौड़ पर आमने-सामने बाइक भिडंत में रोहित तथा नानक चंद की मौके पर मौत हो गई।
जबकि बाइक पर सवार जगदीश त्यागी (55) तथा सुनीता, बच्चे किशन व साधना के चोटें आई है जिसमें गंभीर हालत में सीएचसी चिकित्सक ने जगदीश को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। विधायक डॉ.अनीता राजपूत व समाजसेवियों ने परिजनों को पहुंचकर सांत्वना दी।
सड़क हादसे में इमाम का परिवार घायल
सड़क दुर्घटना में नगर के जमा मस्जिद के इमाम का परिवार घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मूल रूप से मेरठ के गांव मवीमीरा के रहने वाले मौलाना आरिफ नगर की जमा मस्जिद में इमाम है। बताया कि शुक्रवार को उनके परिवार के लोग कार से मेरठ रिश्तेदारी में हुई मौत के दफीने में जा रहे थे।
गुलावठी रोड पर सनौटा नहर के आगे पीछे से आ रहे कार चालक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनियंत्रित होकर उनकी कार आगे चल रही गाड़ी से टकरा गई। इसमें उनके पिता हाफिज महमूद खां (70 वर्ष), पत्नी निघत (35वर्ष), बेटी नफत (6 वर्ष) व चालक घायल हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।