मुनि गांव के पास चालक को बंधक बनाकर बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर परचून के सामान से भरा ट्रक लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक की पिटाई कर अरनियां थाने से कुछ दूरी पर फेंक दिया। किसी तरह थाने पहुंचकर पीड़ित ने तहरीर दी है।
बुधवार तड़के करीब चार बजे जनपद प्रतापगढ़ निवासी सुंदर सिंह पुत्र वैद्यनाथ गाजियाबाद से ट्रक में परचून का सामान लादकर कानपुर जा रहे थे। इसी दौरान मुनि गांव के पास हाईवे पर सुंदर गाड़ी रोककर टायर में हवा चेक कराने लगा।
तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर सुंदर सिंह को घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया और बंधक बनाकर ट्रक में डाल लिया। इसके बाद अरनियां थाने से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचकर बदमाशों ने सुंदर सिंह को फेंक दिया और ट्रक लेकर भाग गए।
किसी तरह सुंदर अरनियां थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अशोक कुमार विक्रांत ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मिनी ट्रक के मालिक-चालक को पीटा
काली नदी पुल के पास साइड नहीं देने पर बाइक सवारों ने मिनी ट्रक मालिक और चालक को पीट-पीटकर घायल कर दिया। आरोप है आरोपियों ने दोनों से पांच हजार रुपये, मोबाइल और गाड़ी के कागजात छीन लिए। पीड़ित ने तहरीर दी है।
मंगलवार को शिकारपुर निवासी सुधीर मिनी ट्रक के चालक शहाबुद्दीन के साथ आमों की पेटियां लेकर पहासू के नगला खुशहालपुर गए थे। रात करीब नौ बजे दोनों शिकारपुर लौट रहे थे। तभी काली नदी के पुल पर बाइक सवार दो युवक साइड लिए हार्न बजा रहे थे।
साइड नहीं मिलने पर युवकों ने आगे ले जाकर मिनी ट्रक को रुकवा लिया और चालक शहाबुद्दीन और गाड़ी मालिक सुधीर से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी भाग गए। आरोप है कि युवकों ने सुधीर के पास से पांच हजार नगदी, मोबाइल और गाड़ी के कागजात छीन ले गए।