सदर से सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी शुजात आलम के कैंप कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में आचार संहिता की खूब धज्जियां उड़ी। एनएच-91 पर जुलूस निकलने पर जाम के चलते लोग परेशान रहे।
शुक्रवार को सपा-कांग्रेस गठबंधन के सदर सीट से प्रत्याशी शुजात आलम ने चुनाव आयोग से कैंप कार्यालय के उद्घाटन की अनुमति ली थी।
लेकिन इस दौरान उसके साथ समर्थकों की जुटी भीड़ ने जुलूस निकालकर नारेबाजी की, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। आरोप है कि सपा उम्मीदवार ने कार्यक्रम की आड़ में लोगों को दावत दी। इसके चलते हाईवे-91 पर जाम लग गया। जिला निर्वाचन अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह का कहना है कि सपा उम्मीदवार ने केवल उद्घाटन कार्यक्रम की इजाजत ली थी।
खर्च प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जाएगा। रैली की सेक्टर मजिस्ट्रेट से रिपोर्ट मांगी गई है। प्रत्याशी शुजात आलम का कहना है कि उन्होंने हाईवे पर कोई जुलूस नहीं निकाला। उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं।
बसपा प्रत्याशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शिकारपुर सीट से चुनाव लड़ रहे बसपा प्रत्याशी मुकुल उपाध्याय के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया है। उड़न दस्ता टीम के मजिस्ट्रेट आशीष भारद्वाज व एसआई एसपी पांडेय ने बसपा प्रत्याशी के आवास रामवती भवन पर छापा मारा। इस दौरान वहां बिना अनुमति बैनर और होर्डिंग्स लगे मिले।