चोरों ने शनिवार रात पीरखां में पशु व्यापारी एवं गांधीगंज में रिटायर्ड शिक्षक के बंद मकानों के ताले तोड़ लाखों रुपये के जेवरात, नकदी व कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ितों ने तहरीर दी है। जानकारी के अनुसार मोहल्ला पीरखां निवासी मौ. आरिफ पशुओं की खरीद फरोख्त करते हैं।
आरिफ अपने परिवार के सदस्यों के साथ जयपुर रिश्तेदारी में गए हुए थे। चोरों ने उनके बंद घर के ताले तोड़कर चार सोने के कंगन, तीन सोने की अंगूठी, 12 लौंग नाक की, 4 सोने की बाली एवं 2 जोड़ी पायजेब चांदी की, 28 हजार रुपये नकद, बर्तन, कपड़े आदि कीमती सामान चोरी कर लिया।
आरिफ के भाई मौ. खलील ने बताया कि चोरी का पता सुबह चला। करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है, इसकी तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने मौका मुआयना किया है। उधर, मोहल्ला गांधीगंज में चोरों ने रिटायर्ड शिक्षक जगदीश प्रसाद गुप्ता के बंद घर से करीब एक तौले सोने के जेवरात चोरी कर लिए।
जगदीश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि वह गाजियाबाद गए हुए थे तथा चोर छत के रास्ते जीने का दरवाजा तोड़कर घुसे। उधर, चोरी की बढ़ती वारदातों से लोगों में रोष है। बता दें कि शुक्रवार रात को चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। व्यापारियों प्रेमभूषण, हेमंत कंसल आदि ने मांग की है कि नगर में रात में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। ताकि चोरी की वारदातों पर अंकुश लग सके।