प्रधानी चुनाव को लेकर दो पक्षों में रंजिश खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार रात दो पक्षों में हुई मारपीट में दो महिलाओं सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 14 लोगों को जानलेवा हमले में नामजद कर जेल भेज दिया है।
औद्योगिक क्षेत्र के गांव गोपालपुर में प्रधानी चुनाव को लेकर धमेंद्र पुत्र मामराज व कतार पुत्र गोपीचंद में रंजिश है। इसके चलते दोनों पक्षों में तनाव बना रहता है। धमेंद्र ने बताया कि बृहस्पतिवार रात कतार पक्ष के लोगों ने लाठी डंडों व फरसे से हमला कर उसके परिवार के विनित, कुक्की, रतिराम, राजपाल, सुनीता, बबीता को घायल कर दिया।
वहीं, कतार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात्रि में धमेंद्र पक्ष के लोगों ने हथियारों से लैस होकर उनके घर पर हमला बोल दिया। मारपीट में भूले
पुत्र अमीचंद गंभीर से घायल हो गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एक पक्ष के अजय, जयवीर, जय प्रकाश, कतार, मांगेराम, भूलेराम, जय सिंह व दूसरे पक्ष के अतर सिंह, नवाब सिंह, कालू, रोहित, धमेंद्र, कोविंदर, विनीत को जानलेवा हमले में के आरोप में नामजद किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दोनों पक्षों में प्रधानी चुनाव को लेकर रंजिश चली आ रही है। रंजिशन दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला किया। - जितेंद्र कुमार, कोतवाल