पुलिस गिरफ्त में झूठी रिपोर्ट देने वाला अधिकारी।
- फोटो : ब्यूरो
पुलिस ने लूट की फर्जी रिपोर्ट लिखवाने के आरोप में एक नगर स्थित फाइनेंस कंपनी के अधिकारी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से बताई गई लूट की रकम में से 40 हजार रुपये, बैग, एक मोबाइल व आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
थानाध्यक्ष बृमेश कुमार यादव ने बताया कि क्षेत्र के गांव नूरपुर मार्ग पर 9 अगस्त को एसवीसीएल माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फील्ड ऑफीसर बनी सिंह निवासी जोगमानपुर थाना इगलास अलीगढ़ ने अपने साथ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट में कहा गया था कि वह गांवों से ऋण की किश्तों की उगाही करके लौट रहा था। बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उसका 46 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया तथा फरार हो गए। प्रथम दृष्टया लूट को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने बनी सिंह का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिया।
उसके फोन पर वार्तालाप से ही असलियत सामने आ गई। पुलिस के इस खुलासे की सूचना मिलते ही एसएसपी अनीस अंसारी एवं सीओ यशवीर सिंह ने सोमवार रात गुलावठी थाने पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की तथा कंपनी के मैनेजर से भी घटना के बारे में जानकारी ली।