एक होटल संचालक के भाई की मामूली बात पर दबंगों ने धुनाई कर दी। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ग्रामीण ने कोतवाली प्रभारी को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
जहांगीराबाद निवासी होटल संचालक धर्मेंद्र राजौरा के भाई जितेंद्र की होटल पर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। उस दौरान मौजूद ग्राहकों ने मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि बाद में दबंगों ने जितेंद्र को होटल के पीछे घेरकर लाठी-डंडों से पिटाई कर चेहरे पर नुकीली चीज से प्रहार कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
इसके बाद आरोपी भाग गए। घायल को सीएचसी जहांगीराबाद में भर्ती कराया गया, जहां से जितेंद्र को जिला अस्पताल रेफर किया गया। सोमवार को पीड़ित का मेडिकल चेकअप जिला अस्पताल में किया गया। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ग्रामीण पंकज पांडेय ने कोतवाली प्रभारी जहांगीराबाद को मामले में जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।