हाईवे स्थित नई मंडी में छापेमारी करने गए फूड इंस्पेक्टर से व्यापारियों ने हाथापाई कर दी। इंस्पेक्टर ने व्यापारियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है, वहीं व्यापारियों ने इंस्पेक्टर पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार इंस्पेक्टर के साथ हाथापाई नहीं हुई थी, सिर्फ नोकझोंक हुई थी। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।
मंगलवार सुबह 11 बजे फूड इंस्पेक्टर मिलावट की शिकायत पर छापेमारी करने नई मंडी पहुंचे। वह एक किराना की दुकान से एक खाद्य पदार्थ का सैंपल ले रहे थे। इसी बीच कुछ व्यापारी उनके पास पहुंचे और छापेमारी का विरोध किया। विरोधाभास के दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
नई मंडी से फूड इंस्पेक्टर थाने पहुंचे और व्यापारियों के खिलाफ तहरीर दी। वहीं थाने पहुंचे व्यापारियों ने इंस्पेक्टर पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर थाने पहुंचे मुख्य सुरक्षा खाद्य अधिकारी मनोज कुंवर ने फू ड इंस्पेक्टर और व्यापारियों के बीच समझौता कराया।
थाना इंस्पेक्टर आरके शर्मा ने बताया कि फूड इंस्पेक्टर से हाथापाई नहीं हुई थी, सिर्फ नोकझोंक हुई थी। व्यापारियों द्वारा माफी मांगने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया।