क्षेत्र के गांव डिडोरा में विद्युत पोल पर चढ़कर लाइन ठीक करने के दौरान गिरकर संविदाकर्मी की मौत हो गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया और अलीगढ़-अनूपशहर रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया।
परिजन अफ सरों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर पहुंचे सीओ डिबाई व कारपोरेशन अफसर पहुंच गए। क्षेत्र के गांव धौरऊ निवासी मनोज उर्फ नहना पुत्र ज्वाली प्रसाद कस्बा स्थित विद्युत निगम कार्यालय में संविदाकर्मी के रूप में काम करता है। बृहस्पतिवार शाम लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने के लिए वह गांव डिडोर पहुंचा।
विद्युत पोल पर चढ़कर जंफर लगाते समय अचानक गिर पड़ा। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने देखा तो मौके की तरफ दौड़ पड़े। लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए। घटना से गुस्साए परिजन और ग्रामीण मृतक का शव लेकर अनूपशहर-अलीगढ़ मार्ग पर पहुंच गए।
शाम करीब 6 बजे उन्होंने रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। जाम हटाने के दौरान पुलिस से ग्रामीणों की जमकर नोकझोंक हुई। सूचना पर सीओ डिबाई दिनेश कुमार शर्मा, तहसीलदार सुशील कुमार, राजस्व प्रभारी रूप सिंह पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह विद्युत निगम के अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
बाद में विद्युत निगम के एसडीओ मनोज कुमार के पहुंचने पर उनके आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। शाम छह बजे से सात बजे तक जाम लगने के कारण रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गईं।