फफाला मार्केट में मेडिकल स्टोर पर छापे के दौरान दवाओं को चेक करते अधिकारी।
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
बुलंदशहर(ब्यूूरो)। कृषि विभाग ने बृहस्पतिवार को जिले में कीटनाशक दवा और खाद विक्रेताओं की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। चेकिंग के दौरान पांच दुकानों को सस्पेंड किया और दो को सीज कर दिया गया। दस दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। दुकानों से 26 पेस्टीसाइड और 23 फर्टिलाइजर के सैंपल भी भरे हैं।
इस छापामारी से दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. आरएस वर्मा ने बताया कि डीएम के आदेश पर जिले में संचालित कीटनाशक दवा और खाद विक्रेताओं की चेकिंग के लिए चार टीमों का गठन किया गया। अनूपशहर और स्याना तहसील में उप कृषि निदेशक एलबी यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बुलंदशहर और खुर्जा की दुकानों पर कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. आरएस वर्मा ने छापेमारी की। शिकारपुर और डिबाई तहसील की दुकानों पर जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इसी तरह सिकंदराबाद तहसील में डॉ. घनश्याम के नेतृत्व में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान दुकानदारों में हड़कंप मच गया और अधिकतर दुकानदार टीम को देखकर फुर्र हो गए। कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. आरएस वर्मा ने बताया कि पिछले काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि जिले में पेस्टीसाइड और खाद विक्रेताओं के यहां नकली दवा बेची जा रही है। कोई भी बिल नहीं देता है और अधिक राशि भी वसूली जा रही है।
इन शिकायतों पर डीएम शुभ्रा सक्सेना ने कृषि विभाग को कार्रवाई के आदेश जारी किए थे। इसी आदेश के तहत बृहस्पतिवार को जिले में छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पेस्टीसाइड और फर्टिलाइजर के लिए गए सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाएगा।