अगौता थाना क्षेत्र के अहमदपुर टाडा गांव में संपत्ति बंटवारे की रंजिश में ईंट से सिर कुचलकर एक छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। छात्र सोमवार दोपहर से ही लापता था।
मंगलवार सुबह ईख के खेत में उसका शव नग्न अवस्था में मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पिता ने छह के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपी ईशा और मूसा को फिलहाल दबोच लिया है।
अहमदपुर टाडा गांव निवासी असलम का इकलौता पुत्र मसूद असलम (20) पब्लिक इंटर कॉलेज किसौली में इंटरमीडिएट का छात्र था। परिजनों के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 2 बजे मसूद अपनी किताब लेकर घर से बाहर गया था।
देर शाम मसूद घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे खेतों की ओर गए ग्रामीणों को नलकूप के पास जूते, कपड़े और पास में ही खून से सनी ईंट दिखाई दी तो भीड़ लग गई।
असलम ने जूते और कपड़े पहचान कर मसूद की तलाश शुरू की तो असलम के भाई सुलेमान के ईख के खेत में मसूद का शव नग्न अवस्था में मिला, जिससे हड़कंप मच गया। आरोपियों ने मसूद का सिर बेरहमी से कुचल दिया था।
सूचना पर एसओ अगौता मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी सिटी राजेश कुमार और सीओ गुलावठी हिमांशु गौरव भी मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
10 साल से चल रहा था जमीनी विवाद
अगौता थाना क्षेत्र के अहमदपुर टाडा गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले एक दशक से विवाद चल रहा था। यह मामला मेरठ कमिशभनरी में विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते छात्र मसूद असलम की हत्या किए जाने का अंदेशा है।
सैकड़ों बीघा जमीन को लेकर है विवाद
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि अहमदपुर टाडा निवासी असलम के उस्मान, गनी और सुलेमान चचेरे भाई है। इनकी करीब 200-300 बीघा जमीन है।
असलम के हिस्से में ज्यादा जमीन आने को लेकर उस्मान, गनी और सुलेमान ने दोबारा बंटवारा कराने को लेकर न्यायालय में वाद दायर किया है।
न्यायालय में सुनवाई न होने के कारण मामले को मेरठ कमिशभनरी में डाल दिया गया था। जो विचाराधीन है। दो वर्ष पहले भी चचेरे भाइयों ने असलम की मेढ़ तोड़कर अपने खेत में मिला ली थी।
जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। बाद में दोनों पक्षों में फैसला हो गया था। बकौल एसपी सिटी सोमवार दोपहर 2 बजे असलम के चचेरे भाइयों के पुत्र मसूद को घर से बुलाकर ले गए थे।
जहां खेतों पर पहुंचकर उसकी ईटों से कुचलकर हत्या कर दी और शव को आरोपियों ने खेत में फेंक दिया था। पुलिस ने मूसा, आमिर, अकबर पुत्र गनी, कामरान पुत्र उस्मान, ईशा पुत्र सुलेमान सहित छह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
चारों भाइयों में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बंटवारे को लेकर ही ईंट से कुचलकर छात्र की हत्या की गई है। पिता असलम की तहरीर पर पुलिस ने छह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपी मूसा और ईशा को गिरफ्तार कर लिया है।
- राजेश कुमार, एसपी सिटी