कोतवाली क्षेत्र के गांव बादशाहपुर पंचगाई में प्रधानी की रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पाकर सीओ और एसपी देहात भी घटना स्थल पर पहुंचे और घटना के सम्बन्ध में जानकारी हासिल की। मृतक के पिता ने ग्राम प्रधान समेत चार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
गुरुवार की सुबह बादशाहपुर पंचगाई निवासी गिर्राज सिंह का 25 वर्षीय पुत्र तेजवीर सिंह उर्फ तोता को गांव के ही कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए। करीब 11.30 बजे गांव से कुछ दूरी पर स्थित खेत में जाकर उसे गोली मार दी।
सिर में गोली लगने से वह वहीं ढेर हो गया। मृतक के पिता गिर्राज सिंह ने बताया कि विरोध पक्ष उनसे प्रधानी के चुनाव को लेकर रंजिश मानता था जिसके चलते उनके पुत्र की हत्या कर दी गई।
एसएचओ शत्रुघभन उपाध्याय ने बताया कि मृतक तोता के पिता गिर्राज सिंह की तहरीर पर धर्मेन्द्र व कुशपाल पुत्रगण कुंवरपाल, सर्वेश उर्फ मूला प्रधान पुत्र धर्मवीर निवासी बादशाहपुर पंचगाई तथा कालू निवासी सूरजपुर अलीगढ़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
हिस्ट्रीशीटर भीष्म की हत्या में नामजद था तोता
21 सितम्बर की रात बादशाहपुर पंचगाई निवासी हिस्ट्रीशीटर भीष्म पुत्र कुंवरपाल सिंह की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस मामले में मृतक के भाई और तोता की हत्या के आरोपी धर्मेन्द्र ने गांव के बलवीर पुत्र कंछी, विजय पुत्र बलवीर, दीपू पुत्र सिपटर, भीमा पुत्र मित्रपाल तथा तोता उर्फ तेजवीर पुत्र गिर्राज सिंह के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी।
पुलिस ने घटना वाली रात ही तोता को हिरासत में ले लिया था। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था।
भीष्म के मर्डर की जांच चल रही है। जांच के जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मृतक तोता के पिता की तहरीर पर धर्मेन्द्र, कुशपाल, सर्वेश उर्फ मूला प्रधान और कालू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। - पंकज कुमार पाण्डेय, एसपी देहात