नगर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति से कार बेचने के नाम पर दस लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी ने पहले 10 लाख रुपये लिए और फिर कागज तैयार कराने के नाम पर कार वापस ले ली। तकादा करने पर आरोपी ने दस लाख का चेक दिया जो बाउंस हो गया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शांतिनगर भूड़ निवासी असलम खान पुत्र असगर खान ने तहरीर दी कि वह वसुंधरा निवासी शिशुपाल पुत्र रामसिंह को पहले से जानता है। इसके चलते दोनों का एक-दूसरे के घर आना जाना था। एक मई 2016 में किसी काम से वह गाजियाबाद गया था। वहां शिशुपाल ने दस लाख रुपये की सख्त जरूरत बताई। साथ ही यह भी कहा कि वह अपनी एक कार बेचना चाहता है।
असलम ने शिशुपाल से 10 लाख रुपये में उसकी कार खरीद ली। कुछ दिन बाद शिशुपाल बुलंदशहर आया और गाड़ी को यह कहकर अपने साथ गाजियाबाद ले गया कि कागजात बनवाने में गाड़ी की जरूरत पड़ रही है।
असलम ने बताया कि उसने कई बार अपनी गाड़ी मांगी, लेकिन आरोपी ने गाड़ी देने में टाल-मटोल करता रहा। थक हारकर असलम ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने 24 जून 2016 को दस लाख रुपये का चेक काटकर दे दिया।
असलम ने पंजाब नेशनल बैंक में चेक लगाया तो खाते में रुपये न होने पर भुगतान नहीं हो सका। असलम का आरोप है कि जब उसने शिशुपाल से रुपये मांगे तो आरोपी ने परिवार सहित हत्या की धमकी दी। नगर कोतवाल पोसीराम शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।