नगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा के साथ तीन लड़कों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। छात्रा के पिता ने एक नामजद समेत तीन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
देवीपुरा प्रथम निवासी छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी स्कूल जा रही थी। तभी वासूदेव पंडित वाली गली निवासी युवक अपने दो दोस्तों के साथ छात्रा का दुपट्टा खींच लिया। इसके बाद अश्लील हरकतें शुरू कर दी। चीख सुनकर मौके पर पहुंचे एक युवक ने छात्रा को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित छात्रा ने घर पहुंचकर आपबीती बताई। छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृति किस्म का है। उसके खिलाफ पहले से ही केस चल रहे हैं। एसएसआई डीपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है।
अहमदगढ़ में शौच जा रही किशोरी को दबोचा
थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात शौच के लिए जा रही किशोरी के साथ गांव के ही युवक ने छेड़खानी की। विरोध करने पर मारपीट की और भाग गया। किशोरी के पिता ने आरोपी तेजवीर पुत्र यादराम के खिलाफ थाने में तहरीर दी । अहमदगढ़ थाने के इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।