घने कोहरे के चलते मंगलवार की सुबह हुए सड़क हादसों में जहां एक शिक्षक समेत तीन लोगों की मौत हो गई वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक शिक्षक कौशांबी जिले का निवासी है और सीतापुर जिले में तैनात था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पहला सड़क हादसा मंगलवार की सुबह कुर्सी थाना क्षेत्र में निंदूरा के पास हुआ। जहां पर लखनऊ की ओर से आ रही एक वैन घना कोहरा होने के चलते सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में वैन में सवार शिक्षक राजकुमार (40) पुत्र मोहनलाल निवासी ग्राम जलालपुर मजरे रेहड़ा थाना चरवा जिला कौशांबी की मौके पर ही मौत हो गई।
वह सीतापुर जिले के प्राथमिक विद्यालय चंदौली में तैनात थे। वहीं वैन चालक अमित पुत्र अशर्फीलाल निवासी ग्राम चांदपुर थाना महमूदाबाद सीतापुर गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शिक्षक के शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं दूसरा हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र में आलापुर के पास हुआ। जहां पर एक कार, बाइक व टैंपो में टक्कर हो गई। जिसमें खुशबू (18) पुत्री रामनाथ निवासी मेलारायगंज कोतवाली बदोसरायं, विकास सिंह (26) पुत्र राजेंद्र सिंह गायत्री नगर, फैजान (18) पुत्र साबिर व महिमा (20) पुत्री राधेश्याम निवासी लखीमपुर खीरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक कार के नीचे जा पहुंची। हादसे के समय बाइक सवार हेलमेट पहने था जिसे मामूली चोट पहुंची है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
तीसरा हादसा सफदरगंज थाना क्षेत्र में बजहा चौराहे के पास हाईवे पर मंगलवार की देर रात हुआ। जहां बाइक से जा रहे दो युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है।
मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। दोनों की उम्र 30 से 35 वर्ष के आस पास बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की माने तो हादसे के समय युवक हेलमेट पहनकर बाइक चला रहा था। एसओ अशोक कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।