गांव गेसूपुर में दो दिन पूर्व हुई सतीश की हत्या उसकी प्रेमिका की शादी में रोड़ा बनने पर हुई थी। इसका खुलासा करते हुए पुलिस ने प्रेमिका के पिता और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा और राड के अलावा मृतक सतीश का मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
गौरतलब हो कि दो दिन पूर्व गांव गेसूपुर निवासी चरन सिंह के पुत्र सतीश(25 वर्ष) की हत्या कर शव तालाब किनारे फेंका गया था। मृतक के पिता ने अज्ञातों पर मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस गहराई से जांच में जुटी थी। कोतवाली प्रभारी बीएस बिसारे ने बताया कि सतीश की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण है। हत्या युवती के पिता व भाई ने की। युवती के पिता सुंदर पुत्र शीशपाल, युवती के भाई प्रदीप उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों ने युवक को मोबाइल पर कॉल कर मंगलवार की रात घर पर बुलाया। युवती की शादी तय होना बताते हुए सतीश को समझाने का प्रयास किया। जब सतीश नहीं मना तो डंडे से मारपीट की और प्रदीप ने लोहे की रॉड से सतीश के सिर पर वार कर बेहोश कर दिया।
बाद में पिता पुत्र ने उसका रस्सी से गलाघोंट कर हत्या कर शव को तालाब पर फेंक दिया। हत्यारोपियों की निशानदेही पर डंडा व लोहे की रॉड के साथ मृतक सतीश का मोबाइल बरामद हुआ है।