घटतौली प्रकरण में बृहस्पतिवार को अनामिका शुगर मिल अगौता के मुख्य महाप्रबंधक, डीजीएम केन और गन्ना तौल लिपिक के खिलाफ औरंगाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मिल में बुधवार को घटतौली पकड़ी गई थी। सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
बुधवार को बुगरासी के सुलैला गांव स्थित क्रय केंद्र से अनामिका शुगर मिल पर गन्ने से लदा ट्रक आया था। इसमें 6.40 क्विंटल की घटतौली मिली थी। घटतौली मिलने पर किसानों और तौल लिपिकों ने हंगामा किया था। जांच में शुगर मिल प्रबंधन तंत्र द्वारा गन्ने की खरीद में घटतौली की पुष्टि हुई।
बृहस्पतिवार को सहकारी गन्ना विकास समिति स्याना के सचिव जीपी गोस्वामी ने औरंगाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले में जीपी गोस्वामी ने शुगर मिल के मुख्य महाप्रबंधक पीके मल्होत्रा, प्रधान प्रबंधक गन्ना विश्वासराज सिंह और तौल लिपिक कुलजीत सिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। ट्रेनी सीओ आलोक सिंह ने बताया कि जीएम सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
डिप्टी केन कमिश्नर को घेरा
अनामिका शुगर मिल अगौता में पकड़ी गई घटतौली की जांच करने पहुंचे डिप्टी केन कमिश्नर का भाकियू ने घेराव किया। किसानों ने डिप्टी केन कमिश्नर को एक घंटे तक धूप में बैठाए रखा। ट्रेनी सीओ के आश्वासन पर किसानों ने उन्हें बंधन मुक्त किया। तौल लिपिकों ने भी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।