ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की ओर से प्रधानपति के साथ हाथापाई करने पर प्रधान संगठन ने ब्लॉक कार्यालय में हंगामा काटा। उन्होंने डीपीआरओ से आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तीन दिन पहले खानपुर विकासखंड के चंदपुरी बांगर गांव की ग्राम प्रधान राजमोहिनी के पति विनोद कुमार गांव में होने वाले कार्यों की योजना तैयार कर ब्लाक मुख्यालय ग्राम पंचायत विकास अधिकारी विनीत गौड के पास पहुंचे थे। विनोद कुमार की ओर से कार्य योजना के प्रपत्र विनीत गौड को सौंपने के दौरान उनकी कहासुनी हो गई। मामला हाथापाई तक पहुंचने पर अन्य कर्मियों ने बीच-बचाव किया।
बृहस्पतिवार को प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने ब्लॉक मुख्यालय में पहुंचकर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। ब्लॉक मुख्यालय में ही मौजूद जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी ने मामले में जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया। इस मौके पर संजय ,तपन सिंह, राजकुमार, नितिन, दल सिंह, राजपाल, मुकेश, यशपाल, आनंद, सुखदेव, मुस्तकीम, नरेश, निर्दोष आदि प्रधान मौजूद रहे। उधर ग्राम विकास अधिकारी विनीत गौड का कहना है कि प्रधानपति नियम विरुद्ध कार्य कराने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर प्रधानपति झूठा आरोप लगा रहे हैं।
छप्पर में लगी आग
थानाक्षेत्र के कान्हेवाली गांव के दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को एक पक्ष ने विवादित जमीन पर खड़े छप्पर में आग लगा दी। आग लगते देख दूसरा पक्ष भी मौके पर आ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। शोरशराबा सुनकर गांव के ग्रामीाण् मौके पर पहुंचे। किसी तरह आग को बुझाया गया।